अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज: अमित शाह को धमकी और भड़काऊ बयान देने का आरोप

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, अमित शाह को धमकी और भड़काऊ बयान देने का आरोप
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कथित रूप से धमकी देने और भड़काऊ बयानबाजी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला शुक्रवार को विधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई राजीव सरकार नामक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने पांच मई को बागुईआटी थाने में आवेदन दिया था, जिसके बाद जांच के आधार पर अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कुल छह धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने ऐसे बयान दिए, जिनसे राज्य में तनाव और अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि सार्वजनिक मंचों से इस्तेमाल की गई भाषा राजनीतिक माहौल को भड़काने वाली थी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192, 196, 351(2) और 353(1)(c) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(2) और 125 भी लगाई गई हैं। एफआईआर में कहा गया है कि विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा का प्रयोग किया गया था।
शिकायतकर्ता राजीव सरकार, जो स्वयं को समाजसेवी बताते हैं, ने कहा कि उनकी शिकायत किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है। उनका कहना है कि अगर तृणमूल कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती, तो आम लोगों के खिलाफ हिंसा की आशंका बढ़ सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।






