डॉ जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अराघची के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच शुक्रवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। यह मुलाकात भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई।
डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और उसके वैश्विक प्रभावों पर चर्चा हुई। इसके अलावा भारत और ईरान से जुड़े विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
दिल्ली में 14 और 15 मई को आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता भारत कर रहा है। इस वर्ष बैठक का विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ रखा गया है।
बैठक में सदस्य देशों के बीच वैश्विक चुनौतियों, क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और बहुपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर भी चर्चा की जा रही है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






