NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को, NTA ने की आधिकारिक घोषणा

मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद 21 जून 2026 को NEET (UG) की दोबारा परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद लाखों परीक्षार्थियों और अभिभावकों के बीच नई परीक्षा तिथि को लेकर स्पष्टता आ गई है।
National Testing Agency (NTA) ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह या गैर-आधिकारिक सूचना से बचें।
एजेंसी ने छात्रों की सहायता के लिए ई-मेल और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए परीक्षार्थी neet-ug@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 011-40759000 और 011-69227700 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
इसी बीच, गुरुवार देर रात शिक्षा मंत्री के आवास पर NEET परीक्षा को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उच्च शिक्षा सचिव, स्कूल शिक्षा सचिव, NTA के महानिदेशक, CBSE अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, इसी बैठक में 21 जून को परीक्षा आयोजित करने की तिथि को अंतिम रूप दिया गया।
NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और एजेंसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।






