देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट पर सीएम मोहन यादव सख्त, जांच के आदेश; मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख सहायता

मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंक खुर्द क्षेत्र में स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे को “अत्यंत हृदयविदारक” बताते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट (Dewas Firecracker Factory Explosion) में कई लोगों के हताहत और घायल होने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश देते हुए कहा कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राहत की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, हादसे में घायल सभी लोगों के निशुल्क उपचार के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्राप्त हो और घायल जल्द स्वस्थ हों।
गौरतलब है कि टोंक खुर्द स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। हादसे में कई लोगों के घायल होने और कई मौतों की आशंका जताई गई है। फिलहाल प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर मौजूद हैं तथा बचाव कार्य जारी है।






