बारामती विमान हादसे की जांच में जुटा DGCA, रेड बर्ड एविएशन के ट्रेनिंग विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने महाराष्ट्र के बारामती में रेड बर्ड एविएशन के प्रशिक्षण विमान से जुड़े हादसे की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी के कारण बुधवार को ट्रेनिंग विमान की आपातकालीन लैंडिंग (Emergency Landing) करानी पड़ी, जिससे विमान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेनी पायलट सुरक्षित है।
डीजीसीए के अनुसार, M/s Red Bird Aviation के फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन (FTO) का टेक्नाम 2008JC विमान (VT-RFY) बुधवार को सोलो फ्लाइंग के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। इसके बाद ट्रेनी पायलट को बारामती एयरपोर्ट के पास गोजुबोवी क्षेत्र में खेतों में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
आरंभिक जांच में क्या सामने आया?
डीजीसीए की शुरुआती जांच के मुताबिक, विमान ने पहला सर्किट और लैंडिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली थी। लेकिन दूसरे सर्किट के दौरान पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी महसूस की, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खुले मैदान में विमान उतारने का फैसला लिया गया।
हादसे में पायलट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन विमान को भारी क्षति हुई है। अब DGCA Investigation के तहत घटना के तकनीकी कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
रेड बर्ड एविएशन पर पहले भी उठ चुके हैं सवाल
गौरतलब है कि Red Bird Aviation के साथ यह पहली घटना नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2021 से अब तक कंपनी के विमानों से जुड़ी यह सातवीं बड़ी दुर्घटना मानी जा रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विमानन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी ट्रेनिंग संस्थान में लगातार तकनीकी घटनाएं सामने आती हैं, तो सुरक्षा ऑडिट और संचालन प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा आवश्यक हो जाती है। फिलहाल डीजीसीए की विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






