|

छत्रपति संभाजी महाराज जयंती पर ओम बिरला, अमित शाह समेत कई नेताओं ने किया नमन

वीर शिरोमणि छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर गुरुवार को देश के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, गिरिराज सिंह और किरण रिजिजू समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के जरिए संभाजी महाराज के शौर्य, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को याद किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संदेश में लिखा कि छत्रपति संभाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी स्वराज, संस्कृति और राष्ट्रधर्म की रक्षा के लिए अद्वितीय पराक्रम और दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज ने अन्याय और आक्रांताओं के सामने कभी समझौता नहीं किया और असहनीय यातनाओं के बावजूद अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे।

अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि बाल्यकाल से ही राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और हिंदवी स्वराज के संस्कारों को आत्मसात करने वाले संभाजी महाराज ने कई रणनीतिक क्षेत्रों को मुगलों के कब्जे से मुक्त कराया और अनेक युद्धों में विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज ने स्वधर्म, स्वभाषा और स्वराज की मशाल को कभी बुझने नहीं दिया और उसके लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संभाजी महाराज को “वीरता और पराक्रम के प्रतीक, स्वराज्य रक्षक धर्मवीर” बताते हुए उन्हें जयंती पर कोटि-कोटि नमन किया।

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि संभाजी महाराज ने स्वधर्म और राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि अपने पिता छत्रपति शिवाजी महाराज के ‘हिंदवी स्वराज’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में संभाजी महाराज का योगदान अविस्मरणीय है।

गौरतलब है कि छत्रपति संभाजी महाराज का जन्म 14 मई 1657 को हुआ था। मराठा साम्राज्य के इस वीर योद्धा का जीवन साहस, धर्मनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। देशभर में उनकी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।

Share

Similar Posts