| |

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्रपति संभाजी महाराज जयंती पर किया नमन, कहा- राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को वीर शिरोमणि छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने महान योद्धा और राष्ट्रभक्त संभाजी महाराज के साहस, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में लिखा कि “महान राष्ट्रभक्त और योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने असहनीय यातनाओं को सहकर भी अपना धर्म नहीं छोड़ा और मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।”

गौरतलब है कि छत्रपति संभाजी महाराज का जन्म 14 मई 1657 को हुआ था। वे मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र थे। संभाजी महाराज न केवल एक पराक्रमी योद्धा, बल्कि कुशल प्रशासक और धर्मनिष्ठ शासक भी माने जाते हैं।

इतिहास में उनका नाम स्वराज की रक्षा और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों में शामिल है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों और असहनीय यातनाओं के बावजूद अपने सिद्धांतों और धर्म से समझौता नहीं किया, जिसके कारण उन्हें भारतीय इतिहास में विशेष सम्मान प्राप्त है।

संभाजी महाराज जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां उनके शौर्य और बलिदान को याद किया जा रहा है।

Share

Similar Posts