|

CBSE 12वीं रिजल्ट जारी, 85.20% छात्र पास; लड़कियां फिर रहीं आगे, त्रिवेंद्रम टॉप पर

Central Board of Secondary Education यानी सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत छात्र परीक्षा में सफल हुए हैं। हालांकि, यह पिछले वर्ष की तुलना में करीब 3 प्रतिशत कम है। बोर्ड के अनुसार, इस बार 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।

इस वर्ष 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के तहत किया गया। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट CBSE Official Website पर जाकर चेक कर सकते हैं। इंटरनेट या सर्वर की समस्या होने पर छात्र एसएमएस के माध्यम से भी विषयवार अंक प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, ऑनलाइन स्कोरकार्ड को अंतिम दस्तावेज नहीं माना जाएगा और छात्रों को स्कूल से मूल मार्कशीट लेना अनिवार्य होगा।

सीबीएसई ने इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट या टॉपर सूची जारी नहीं की है। बोर्ड ने स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी छात्र को स्कूल, जिले या राज्य का टॉपर घोषित न किया जाए। इसका उद्देश्य छात्रों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और मानसिक दबाव को कम करना है।

रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 82.23% दर्ज किया गया। इस तरह लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से 6.73 प्रतिशत बेहतर रहा। वहीं, ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा।

क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो Thiruvananthapuram (त्रिवेंद्रम) रीजन लगातार एक बार फिर सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला क्षेत्र बना, जहां 95.62 प्रतिशत छात्र पास हुए। वहीं, Prayagraj रीजन का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा, जहां केवल 72.43 प्रतिशत छात्र सफल हो सके। पिछले वर्ष भी यही स्थिति देखने को मिली थी।

Share

Similar Posts