ईंधन संकट पर सरकार का बड़ा बयान, 60 दिन का कच्चा तेल और 45 दिन का LPG स्टॉक मौजूद: हरदीप पुरी

देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत के पास फिलहाल 60 दिन का कच्चा तेल (क्रूड ऑयल), 60 दिन की एलएनजी और 45 दिन का एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन सप्लाई को लेकर किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है।
दिल्ली में आयोजित एक बिजनेस समिट में बोलते हुए मंत्री ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संदेश का गलत अर्थ निकालने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम ने संसाधनों के संयमित उपयोग और ईंधन बचत की अपील की थी, लेकिन इसे लेकर अफरा-तफरी फैलाना उचित नहीं है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों से जहां संभव हो पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने, मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचने का भी सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
हरदीप पुरी ने पश्चिम एशिया में जारी संकट का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं का बोझ आम जनता पर नहीं पड़ने दिया। हालांकि, तेल विपणन कंपनियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, तेल कंपनियों को प्रतिदिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है और कुल घाटा लगभग 1.98 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 64 से 65 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। इसके बावजूद सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ न पड़े।






