| | |

मध्य प्रदेश में बढ़ा गर्मी का कहर, 6 जिलों में लू का अलर्ट, रतलाम फिर 45 डिग्री पर पहुंचा

मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद भीषण गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में लू (Heatwave) का असर देखने को मिल रहा है। सोमवार को रतलाम में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 6 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, उज्जैन, धार, आलीराजपुर, बड़वानी, रतलाम और झाबुआ जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार दिनों तक इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में तेज गर्मी और लू का प्रभाव बना रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है

प्रदेश के 49 जिलों में तेज गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकांश जिलों में तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विशेष रूप से रतलाम, नीमच और मंदसौर सबसे ज्यादा गर्म जिलों में शामिल रह सकते हैं।

सोमवार को इंदौर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अन्य प्रमुख शहरों में उज्जैन का तापमान 43 डिग्री, भोपाल 41.2 डिग्री, जबलपुर 40.8 डिग्री और ग्वालियर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रतलाम के बाद शाजापुर प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा धार में 44 डिग्री, खरगोन में 42.6 डिग्री, खंडवा में 42.5 डिग्री और गुना में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 30 अप्रैल से 10 मई तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर जारी था, जिससे शुरुआती मई में गर्मी का असर कम महसूस हुआ। हालांकि अब मौसम साफ होने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है

मौसम विभाग ने नागरिकों को लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने, दोपहर की तेज धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है।

Share

Similar Posts