असम में आज हिमंता बिस्वा सरमा समेत पांच मंत्री लेंगे शपथ, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद

असम में आज डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा समेत कुल पांच नेता मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापाड़ा वेटरिनरी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 11 बजे आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशेष उपस्थिति रहेगी।
डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उनके साथ रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोडो और अजंता नेओग भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें दो विधायक भाजपा, एक असम गण परिषद (अगप) और एक बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से हैं।
सरमा ने यह भी जानकारी दी कि रंजीत दास विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने सभी सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हम सब मिलकर एक अधिक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के लिए पूरी लगन के साथ काम करते रहेंगे।”
असम में तीसरी बार एनडीए सरकार के गठन को लेकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। साथ ही 22 राज्यों के मुख्यमंत्री, उद्योगपति, भाजपा और एनडीए के राष्ट्रीय नेता भी समारोह का हिस्सा बनेंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह समेत कई वीआईपी सोमवार रात तक गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में भाजपा और एनडीए के बूथ अध्यक्षों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए खानापाड़ा इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके अलावा कामाख्या मंदिर से लेकर खानापाड़ा और बरझाड़ हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक सड़कों की विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए भव्य पंडाल तैयार किए गए हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे आयोजन स्थल पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।






