| |

संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर पंजाब में सियासी घमासान, कई शहरों में भाजपा-आप कार्यकर्ता आमने-सामने

पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कथित जीएसटी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने पूरे पंजाब में भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। रविवार को कई जिलों में आप कार्यकर्ता भाजपा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे, जिससे कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बन गई।

सबसे अधिक तनाव लुधियाना और बठिंडा में देखने को मिला, जहां भाजपा और आम आदमी पार्टी के समर्थक आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए।

लुधियाना में आप की शहरी इकाई ने मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे तथा ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दे रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई।

स्थिति उस समय अधिक तनावपूर्ण हो गई जब दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। इस दौरान धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी और भाजपा के एक कार्यकर्ता के हाथ में चोट लगने की भी सूचना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं की ओर झाड़ू भी फेंकी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी देखने को मिली।

भाजपा की ओर से प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान और वरिष्ठ नेता परवीन बंसल मौके पर मौजूद रहे। वहीं, आप नेताओं ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

लुधियाना के गिल रोड स्थित दाना मंडी क्षेत्र में आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला भी फूंका। आप लुधियाना शहरी इकाई के अध्यक्ष जतिंदर खंगूरा ने कहा कि संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी गैरकानूनी है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने के लिए कर रही है।

उधर, बठिंडा में भाजपा कार्यकर्ता उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच आप समर्थक भी भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के बीच मानव श्रृंखला बनाकर टकराव को रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसमें एसपी सिटी नरेंद्र सिंह और दो डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य के जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और बरनाला सहित कई अन्य जिलों में भी आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में “ईडी-भाजपा गठजोड़ मुर्दाबाद” जैसी तख्तियां देखी गईं और कई जगह केंद्र सरकार के पुतले फूंके गए।

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को करीब 100 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने साफ किया है कि वह इस मुद्दे पर सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी, जबकि भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई बता रही है। आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति और अधिक गरमाने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।

Share

Similar Posts