|

एल्विश यादव को फिर मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगी 10 करोड़ की रंगदारी

यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Elvish Yadav को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस बार कथित तौर पर Lawrence Bishnoi Gang के नाम पर उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें दो दिन के भीतर रकम नहीं देने पर गोली मारने की चेतावनी दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया है। बताया जा रहा है कि पहले एल्विश यादव के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। इसके कुछ समय बाद उसी नंबर से धमकी भरा मैसेज भेजा गया, जिसमें रंगदारी की मांग की गई।

मामले की शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आ गई है। Gurugram के सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरे मैसेज किस लोकेशन और किस नेटवर्क से भेजे गए। साथ ही नंबर की कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रेल भी खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि इन दिनों एल्विश यादव एक शो की शूटिंग के सिलसिले में गुरुग्राम से बाहर हैं। वह फिलहाल टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, धमकी देने वाले ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि अगर तय समय के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

मामले पर एल्विश यादव के पिता रामअवतार यादव ने कहा कि उनका बेटा अपनी मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में इस तरह की धमकियां कोई भी दे सकता है, हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि एल्विश ने इस मामले की ज्यादा जानकारी परिवार के साथ साझा नहीं की है।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब एल्विश यादव को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले अगस्त 2025 में गुरुग्राम स्थित उनके घर पर बदमाशों ने करीब 24 राउंड फायरिंग की थी। बाइक सवार हमलावरों ने घर के दरवाजों, खिड़कियों और छत तक को निशाना बनाया था। उस मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें कथित तौर पर फायरिंग के लिए पैसे दिए गए थे।

अब एक बार फिर धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी वास्तविक है या किसी शरारती तत्व द्वारा भय पैदा करने की कोशिश की गई है।

Share

Similar Posts