| |

तमिलनाडु में नए युग की शुरुआत: सी. जोसेफ विजय ने 13वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में तमिलनाडु के प्रभारी राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सुबह करीब 10 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जैसे ही विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और नारों से गूंज उठा। विजय के बाद एन. आनंद, आदव अर्जुना, अरुणराज, सेंगोट्टैयन, वेंकटरमणन, निर्मलकुमार, राजमोहन, डी.के. प्रभु और कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

इस ऐतिहासिक समारोह में विजय के परिवार के सदस्य, फिल्म जगत की कई हस्तियां और गठबंधन दलों के नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे, जिससे राजनीतिक हलकों में इस आयोजन की खास चर्चा रही।

शपथ ग्रहण समारोह में एक खास बदलाव भी देखने को मिला। सामान्यतः तमिलनाडु सरकार के कार्यक्रम ‘तमिल थाई वंदना’ से शुरू होकर राष्ट्रगान पर समाप्त होते हैं, लेकिन इस बार पहले “वंदे मातरम्”, फिर राष्ट्रगान और उसके बाद तमिल थाई वंदना प्रस्तुत की गई।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, वर्ष 2026 तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। इस शपथ ग्रहण के साथ ही डीएमके और एआईएडीएमके के करीब छह दशक पुराने बारी-बारी के शासन का अंत हो गया है। अब विजय गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे, जिसमें कांग्रेस सहयोगी दल के रूप में शामिल है।

Share

Similar Posts