सीहोर में आज पीएमजीएसवाई-IV और पीएमजनमन योजना का शुभारंभ करेंगे शिवराज सिंह चौहान, 1763 करोड़ की सड़कों की सौगात

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरूंदा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV (PMGSY-IV) और पीएम जनमन योजना का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं पीएम जनमन योजना के तहत आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के तहत मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रदेश में 1763 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2117 किलोमीटर लंबी 963 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से प्रदेश की 987 बसाहटों को बेहतर सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं, सीहोर जिले को भी इस योजना का बड़ा लाभ मिलेगा। जिले में 165 करोड़ रुपये की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे 84 बसाहटें सीधे लाभान्वित होंगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत 261 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 384 किलोमीटर लंबी 168 सड़कों को मंजूरी दी जाएगी। इन परियोजनाओं का लाभ प्रदेश की 168 बसाहटों को मिलेगा और दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
मध्य प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के जरिए ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और प्रदेश के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।






