|

मनी लॉन्ड्रिंग केस में पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा ईडी रिमांड पर, गुरुग्राम अदालत ने 7 दिन की हिरासत मंजूर की

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को गुरुग्राम की अदालत ने सात दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रविवार सुबह उन्हें अदालत में पेश किया, जहां पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की गई थी। अदालत ने सुनवाई के बाद अरोड़ा को सात दिनों के लिए ईडी के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मंत्री संजीव अरोड़ा से फिलहाल गुरुग्राम स्थित एमजी रोड के ईडी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। ईडी ने शनिवार को उनके चंडीगढ़ और गुरुग्राम स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। करीब 10 घंटे तक चली कार्रवाई के बाद शनिवार शाम करीब पांच बजे उन्हें चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया था।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़ी कंपनियों पर 157.12 करोड़ रुपये की कथित फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के माध्यम से फर्जी निर्यात (एक्सपोर्ट) दिखाने के गंभीर आरोप हैं। एजेंसी का दावा है कि इन्हीं वित्तीय अनियमितताओं और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच के तहत यह कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि संजीव अरोड़ा पंजाब के लुधियाना वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और पंजाब सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब ईडी रिमांड के दौरान एजेंसी उनसे वित्तीय लेन-देन, कंपनियों और कथित फर्जी दस्तावेजों को लेकर विस्तृत पूछताछ करेगी।

Share

Similar Posts