मध्य प्रदेश में दो मौसम सिस्टम सक्रिय, 13 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, कल से बढ़ेगी गर्मी

मध्य प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश में दो मौसम सिस्टम सक्रिय होने के कारण कई जिलों में आंधी और बारिश का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को 13 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि रविवार से प्रदेश में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य हिस्से से दो ट्रफ लाइन गुजर रही हैं, जबकि ऊपरी स्तर पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है। खासकर जबलपुर, नर्मदापुरम और रीवा संभाग में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
शुक्रवार को भी प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में मौसम बदला हुआ नजर आया। सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, भोपाल, देवास, खरगोन, राजगढ़, विदिशा, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला, पांढुर्णा, डिंडौरी और अनूपपुर सहित कई इलाकों में तेज हवाएं और बूंदाबांदी दर्ज की गई।
दूसरी ओर, प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी भी देखने को मिली। रतलाम सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर में तापमान 42.6 डिग्री, उज्जैन में 42.4 डिग्री, जबकि इंदौर और भोपाल में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जबलपुर में 38.8 डिग्री और ग्वालियर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मई की शुरुआत से ही मौसम सामान्य नहीं रहा। आमतौर पर मई के शुरुआती दिनों में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर बना हुआ है। इसके पीछे वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ लाइन और चक्रवाती सिस्टम को मुख्य वजह माना जा रहा है।
हालांकि विभाग ने संकेत दिए हैं कि शनिवार के बाद मौसम बदल सकता है और रविवार से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान बिजली चमकने, तेज हवाओं और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।






