अमेरिकी बाजार में रिकॉर्ड रैली, मजबूत जॉब्स डेटा से S&P 500 और Nasdaq नई ऊंचाई पर

अमेरिका के शेयर बाजार में शुक्रवार को शानदार तेजी देखने को मिली। मजबूत रोजगार आंकड़ों और टेक्नोलॉजी शेयरों में खरीदारी के दम पर अमेरिकी बाजार नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। S&P 500 और Nasdaq Composite ने नया ऑल टाइम हाई बनाया, जबकि Dow Jones Industrial Average लगभग सपाट कारोबार के साथ बंद हुआ।
कारोबार के अंत में S&P 500 इंडेक्स 0.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ, जबकि Nasdaq Composite 1.7 प्रतिशत उछलकर अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। टेक्नोलॉजी शेयरों में मजबूती ने Nasdaq को सबसे ज्यादा समर्थन दिया। वहीं डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज मामूली 12.19 अंकों की बढ़त के साथ 49,609.16 पर बंद हुआ।
सप्ताहभर के प्रदर्शन की बात करें तो अमेरिकी बाजार लगातार मजबूती दिखाते रहे। Nasdaq में पूरे सप्ताह 4.5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जबकि S&P 500 में 2.3 प्रतिशत की बढ़त रही। दोनों इंडेक्स लगातार छठे सप्ताह बढ़त के साथ बंद हुए, जो 2024 के बाद उनकी सबसे लंबी तेजी मानी जा रही है। दूसरी ओर डॉव जोंस अपेक्षाकृत कमजोर रहा और सप्ताह में केवल 0.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज कर सका।
निवेशकों का भरोसा उस समय और मजबूत हुआ जब अमेरिकी श्रम विभाग की ओर से जारी रोजगार आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहे। अप्रैल में नॉन-फार्म पेरोल्स में 1.15 लाख नई नौकरियां जुड़ीं, जो अनुमानित 55 हजार नौकरियों से काफी अधिक हैं। वहीं बेरोजगारी दर 4.3 प्रतिशत पर स्थिर रही, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत मिला।
हालांकि, उपभोक्ता विश्वास से जुड़े आंकड़ों में कमजोरी देखी गई। बढ़ती महंगाई और व्यक्तिगत वित्तीय चिंताओं के कारण उपभोक्ता भरोसा रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब पहुंचा, लेकिन मजबूत रोजगार डेटा ने इन चिंताओं को काफी हद तक संतुलित कर दिया।
इस बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव के बाद वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 0.64 प्रतिशत बढ़कर 95.42 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि अमेरिकी नौसेना के जहाजों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ और संघर्ष विराम अभी भी प्रभावी है। हालांकि निवेशकों की नजर अब ईरान की ओर से अमेरिकी प्रस्ताव पर आने वाली प्रतिक्रिया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बनी हुई है।






