एसबीआई का चौथी तिमाही मुनाफा 6% बढ़ा, 19,684 करोड़ रुपये रहा

State Bank of India (एसबीआई) ने वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के शानदार नतीजे घोषित किए हैं। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 6 प्रतिशत बढ़कर 19,684 करोड़ रुपये पहुंच गया।

बैंक के मुताबिक फंसे कर्ज यानी एनपीए में सुधार और ब्याज आय में वृद्धि के चलते लाभ में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में एसबीआई का शुद्ध लाभ 18,643 करोड़ रुपये था।

कुल आय में हल्की गिरावट

एसबीआई ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि चौथी तिमाही में बैंक की कुल आय घटकर 1,40,412 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,43,876 करोड़ रुपये थी।

हालांकि बैंक की ब्याज आय बढ़कर 1,23,098 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 1,19,666 करोड़ रुपये थी।

एनपीए में सुधार

बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है।

  • सकल एनपीए घटकर 1.49 प्रतिशत रहा
  • पिछले वर्ष समान तिमाही में यह 1.82 प्रतिशत था
  • शुद्ध एनपीए घटकर 0.39 प्रतिशत पहुंच गया
  • एक साल पहले यह 0.47 प्रतिशत था

पूरे साल का प्रदर्शन भी मजबूत

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में एसबीआई का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 13 प्रतिशत बढ़कर 80,032 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष में बैंक ने 70,901 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था।

वहीं, एकीकृत आधार पर चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ मामूली बढ़कर 19,643 करोड़ रुपये रहा। बैंक की कुल आय भी बढ़कर 1,81,079 करोड़ रुपये हो गई।

शेयरधारकों को मिलेगा डिविडेंड

एसबीआई के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 17.35 रुपये का लाभांश घोषित किया है।

बैंक ने बताया कि डिविडेंड पाने के पात्र शेयरधारकों के लिए रिकॉर्ड डेट 16 मई तय की गई है, जबकि भुगतान 4 जून को किया जाएगा।

Share

Similar Posts