|

देवास नाका में भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान

Indore के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित देवास नाका इलाके में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार फायर ब्रिगेड को सुबह करीब 3:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक एक टायर शॉप और गैराज में लगी आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और आसपास की दुकानों तक फैलने लगी थी।

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 20 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि अंदर पहुंचने के लिए दुकानों के शटर तोड़ने पड़े, क्योंकि घटना के समय कोई भी दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकानों के पास से गुजर रही बिजली लाइन के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में तीनों दुकानें उसकी चपेट में आ गईं।

इस हादसे में मोहम्मद अकबर, नरेंद्र और जितेंद्र गजराज की दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। दुकानों के पास-पास होने के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरा सामान जलकर राख हो गया।

फिलहाल प्रशासन और फायर विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share

Similar Posts