पीएनबी का Q4 मुनाफा 14.4% बढ़कर ₹5,225 करोड़, एनपीए में भी सुधार

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी करते हुए मजबूत प्रदर्शन दिखाया है। जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 14.4% बढ़कर ₹5,225 करोड़ हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ₹4,567 करोड़ था।
बैंक द्वारा शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान कुल आय मामूली घटकर ₹36,319 करोड़ रही, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹36,705 करोड़ थी। हालांकि, ब्याज आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह ₹31,989 करोड़ से बढ़कर ₹32,157 करोड़ हो गई।
संपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक ने सुधार दिखाया है। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (NPA) घटकर 2.95% रह गईं, जो एक साल पहले 3.95% थीं। वहीं, शुद्ध NPA भी 0.4% से घटकर 0.29% पर आ गया है।
निवेशकों के लिए अच्छी खबर यह है कि बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹3 प्रति शेयर के लाभांश की सिफारिश की है। हालांकि, इसे आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, PNB का यह प्रदर्शन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में सुधार की दिशा को दर्शाता है, खासकर एसेट क्वालिटी और मुनाफे के मोर्चे पर।






