पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को, सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मीडिया से बातचीत में बताया कि 9 मई का दिन खास महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने की दिशा में नई सरकार काम करेगी।
उन्होंने राज्य की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए राजा राम मोहन राय, सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसी महान हस्तियों का उल्लेख किया।
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल होंगे।
इस बीच, भाजपा संसदीय बोर्ड ने अमित शाह को पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
दावे के अनुसार, इस बार भाजपा ने राज्य में 206 सीटों पर जीत दर्ज कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।






