पति की सुपारी देकर हत्या कराने वाली महिला गोवा से गिरफ्तार, 7 साल बाद नेपाल लाई गई

नेपाल के महोत्तरी जिला में पति की सुपारी देकर हत्या कराने के मामले में फरार चल रही महिला को सात साल बाद भारत के गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित पूजा बस्नेत के साथ उसकी दो बहनें निशा बस्नेत और आरती बस्नेत को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की मदद से नेपाल लाकर हिरासत में लिया गया है।

विकास बम ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि पूजा बस्नेत ने करीब सात वर्ष पहले अपने पति श्रवण थापा की हत्या के लिए शार्प शूटर को सुपारी दी थी।

घटना 22 अगस्त 2019 की है, जब श्रवण थापा बर्दिवास–सिन्धुली सड़क के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर पत्थर से वार किए जाने की पुष्टि हुई, जिससे हत्या का मामला सामने आया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से कुछ दिन पहले मृतक ने जमीन बेचकर करीब 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे, जिससे आर्थिक कारणों की आशंका मजबूत हुई।

इस मामले में पहले ही चार आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी। हालांकि आरोपियों को पूरी रकम नहीं मिली थी।

हत्या के बाद पूजा बस्नेत और उसकी बहनें भारत के गोवा में छिपकर रह रही थीं। अब उन्हें नेपाल लाकर अदालत में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share

Similar Posts