मप्र के बरगी डैम क्रूज हादसे में 4 लापता लोगों की तलाश जारी, सेना की ली जा रही मदद

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे के बाद लापता चार लोगों की तलाश शनिवार को भी जारी रही। NDRF और SDRF के साथ अब सेना के जवान भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं, लेकिन दोपहर तक किसी का पता नहीं चल सका है। तेज हवा और डैम में उठ रही लहरों के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आ रही है।
हादसे को 40 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी भी तीन बच्चों सहित चार लोग लापता हैं। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7 बजे से सर्चिंग अभियान फिर से शुरू किया गया है और सभी एजेंसियां मिलकर तलाश में जुटी हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का क्रूज तेज आंधी के कारण डूब गया था। हादसे के समय क्रूज में 45 से अधिक पर्यटक सवार थे। अब तक नौ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं और 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
लापता लोगों में तीन बच्चे शामिल हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शुक्रवार शाम खराब मौसम के कारण रेस्क्यू अभियान कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था, जिसके बाद शनिवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है और लापरवाही पाए जाने पर कई जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मियों पर सख्त कदम उठाए गए हैं। साथ ही उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।






