देशभर में ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ का परीक्षण, आपदा होने पर तुरंत मिलेगी सूचना

केंद्र सरकार ने आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों तक तुरंत सूचना पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम’ का देशभर में सफल परीक्षण किया है। इस दौरान सभी मोबाइल फोन की स्क्रीन पर एक साथ आपात संदेश, बीप ध्वनि और वाइब्रेशन के साथ अलर्ट दिखाई दिया।
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रिमोट के माध्यम से इस देशव्यापी परीक्षण का शुभारंभ किया। लगभग 11:45 बजे पूरे देश में मोबाइल उपयोगकर्ताओं को एक साथ अलर्ट संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें स्पष्ट किया गया कि यह केवल एक परीक्षण है और किसी प्रकार की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।
यह अत्याधुनिक प्रणाली दूरसंचार विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से विकसित की गई है। इसे सी-डॉट (C-DOT) द्वारा तैयार किया गया है और यह कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त तकनीक है।
वर्तमान में यह प्रणाली देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की जा चुकी है। इसके जरिए भौगोलिक रूप से चयनित क्षेत्रों में मोबाइल उपयोगकर्ताओं को एसएमएस और अब सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के माध्यम से तुरंत चेतावनी भेजी जा सकती है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 19 से अधिक भाषाओं में 134 अरब से अधिक आपदा अलर्ट भेजे जा चुके हैं। यह प्रणाली सुनामी, भूकंप, चक्रवात, गैस रिसाव, बिजली गिरने और अन्य आपात स्थितियों में बेहद उपयोगी साबित होगी।
परीक्षण के दौरान दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों की राजधानियों में लोगों के मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट आने से कुछ समय के लिए हल्की घबराहट देखी गई, लेकिन संदेश पढ़ने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे परीक्षण संदेशों से घबराएं नहीं, क्योंकि इनका उद्देश्य केवल आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करना है।






