पुलवामा में आतंकी सहयोगी गिरफ्तार, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के राजपोरा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान एक आतंकी सहयोगी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान उसके पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह अभियान पुलवामा पुलिस ने सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 183 बटालियन के साथ मिलकर विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। टीम ने सीबी नाथ रोड के किनारे कस्बायार इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान काचीपोरा निवासी मोहम्मद उमर मलिक नामक व्यक्ति को आतंकी सहयोगी के रूप में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हथगोले बरामद किए गए।
पुलिस ने राजपोरा थाने में एफआईआर संख्या 75/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।






