नेपाल दौरे में अमेरिकी विशेष दूत ने सत्तारूढ़ दल के अध्यक्ष से की मुलाकात

नेपाल दौरे में अमेरिका के मध्य एवं दक्षिण एशियाई मामलों के विशेष दूत तथा भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने नेपाल के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के सभापति रवि लामिछाने से मुलाकात की। यह मुलाकात काठमांडू में उनके आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान हुई।

काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास के अनुसार, सर्जियो गोर शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे बूढ़ानीलकण्ठ स्थित रवि लामिछाने के निवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद वे सुबह 9 बजे वहां से रवाना हो गए।

इससे पहले गोर ने एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचकर ‘अल्ट्रा एक्स जेन 2’ नामक अमेरिकी कार्गो ड्रोन का परीक्षण उड़ान भी किया। उनके साथ नेपाल में अमेरिकी दूतावास के कार्यवाहक राजदूत स्कट चार्ज भी मौजूद थे। हालांकि इस ड्रोन परीक्षण को लेकर नेपाल सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

गोर शुक्रवार शाम नई दिल्ली से छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ काठमांडू पहुंचे थे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने नेपाल के विदेश मंत्री और वित्त मंत्री से भी मुलाकात की और काठमांडू दरबार स्क्वायर क्षेत्र का दौरा किया। उनका आज रात नई दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।

Share

Similar Posts