बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मां-बेटी गिरफ्तार, सूटकेस में संदिग्ध मांस मिलने से हड़कंप

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटी को सूटकेस में संदिग्ध मांस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार देर रात गश्त के दौरान की गई, जब दोनों महिलाएं संदिग्ध स्थिति में नजर आईं।
पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं रायपुर से बिलासपुर पहुंची थीं और उनके पास एक भारी ट्रॉली बैग था। पूछताछ के दौरान उनके व्यवहार में घबराहट देखी गई, जिससे पुलिस को शक हुआ।
जांच के दौरान जब महिला पुलिसकर्मियों ने सूटकेस खुलवाया, तो उसमें कपड़ों की जगह पॉलीथिन में पैक किया गया मांस मिला। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे इसे रायपुर से लेकर आई थीं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रेहाना परवीन (47) और उनकी बेटी अलीना खान (20) के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बरामद मांस के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि इसकी पुष्टि की जा सके। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है, जिन्होंने यह मांस उन्हें सौंपा था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही कुछ स्थानीय संगठन के लोग भी थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।






