पीजीडीएवी कॉलेज बना चैंपियन, टी-20 डे-नाइट टूर्नामेंट में शानदार जीत

पीजीडीएवी कॉलेज ने तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी-20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में टीम ने पीजीडीएवी येल्लो को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले के हीरो रहे यश डबास, जिन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने 36 गेंदों में 91 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। वहीं गेंदबाजी में प्रणित ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी येल्लो ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव नारंग ने शानदार शतक (102 रन) लगाया, जबकि नैतिक यादव ने 58 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 14.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 196 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। यश डबास के अलावा अंकित कुमार ने 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
विजेता टीम को कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दरविंदर कुमार ने ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।
गौरतलब है कि पीजीडीएवी कॉलेज की टीम ने इस सत्र में 27 साल बाद दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब भी जीता है। इसके साथ ही कॉलेज ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार 2.8 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की, जिससे खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा।






