क्रिकेट कनाडा को नया कोच: मोंटी देसाई को सौंपी पुरुष टीम की कमान

क्रिकेट कनाडा ने भारतीय मूल के अनुभवी कोच मोंटी देसाई को पुरुष राष्ट्रीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब संगठन प्रशासनिक चुनौतियों और आरोपों से उबरते हुए खुद को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

क्रिकेट कनाडा ने इस नियुक्ति को टीम के प्रदर्शन में निरंतरता लाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम बताया है। हाल ही में टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लिया था और अब आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

क्रिकेट कनाडा के अध्यक्ष अरविंदर खोसा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पेशेवर रवैये और नई ऊर्जा के साथ अपनी साख को फिर से स्थापित करना है। उन्होंने देसाई के अनुभव को टीम के लिए अहम बताया।

मोंटी देसाई के पास 20 वर्षों से अधिक का अंतरराष्ट्रीय कोचिंग अनुभव है। वह इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के साथ काम कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने नेपाल और अफगानिस्तान जैसी टीमों के साथ काम करते हुए उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

देसाई ने अपनी नियुक्ति पर कहा कि यह उनके लिए सम्मान की बात है और वह कनाडा की टीम की क्षमता को बेहतर प्रदर्शन में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने एसोसिएट क्रिकेट के बढ़ते महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि सही रणनीति और अनुशासन से टीम बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती है।

क्रिकेट कनाडा के सचिव परमजीत सैनी ने भी भरोसा जताया कि देसाई के नेतृत्व में टीम नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

गौरतलब है कि हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स में संगठन में कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। ऐसे में मोंटी देसाई की नियुक्ति को क्रिकेट कनाडा के लिए नई शुरुआत और सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts