कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा: एक झटके में करीब ₹1000 बढ़े दाम, घरेलू गैस में राहत

देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस फैसले के तहत 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 1,000 रुपये तक की भारी वृद्धि की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के अनुसार, बढ़ोतरी के बाद नई दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गई है। इसी तरह मुंबई में यह 2,031 रुपये से बढ़कर 3,024 रुपये और कोलकाता में 2,208 रुपये से बढ़कर 3,202 रुपये पर पहुंच गया है।
दक्षिण भारत के चेन्नई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,246.50 रुपये से बढ़कर 3,237 रुपये हो गई है। अलग-अलग शहरों में करीब 990 से 994 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पिछले पांच महीनों में यह छठी बार है जब कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। अप्रैल, मार्च, फरवरी और जनवरी में भी कई बार कीमतों में वृद्धि की जा चुकी है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक संस्थानों की लागत लगातार बढ़ रही है।
वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत बनी हुई है। 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वर्तमान में नई दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये बनी हुई है।
इसके साथ ही सरकार ने गैस सिलेंडर की डिलीवरी व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी के समय अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दिखाना अनिवार्य होगा। बिना OTP के गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी।
यह कदम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। यदि किसी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो वह डिलीवरी के समय ही ऐप के माध्यम से इसे अपडेट कर सकता है।






