कैलाश खेर ने किए केदारनाथ धाम के दर्शन, गाया ‘जय जय केदारा’ भक्ति गीत से गूंजा परिसर

प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान धाम का पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

केदारनाथ धाम में पहुंचने पर जिला प्रशासन, केदार सभा और मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। कैलाश खेर ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतने ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं के लिए सुचारू व्यवस्था बनाए रखना बेहद प्रशंसनीय है।

इस अवसर पर उन्होंने अपना लोकप्रिय भक्ति गीत ‘जय जय केदारा’ प्रस्तुत किया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भी उनके साथ भक्ति भाव में झूम उठे और माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

कैलाश खेर ने कहा कि बाबा केदार की नगरी में पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और तीर्थ व्यवस्थाओं में लगे सभी लोगों की सराहना की और कहा कि यह व्यवस्था प्रधानमंत्री के विजन और राज्य सरकार के प्रयासों का परिणाम है।

धाम में उनके आगमन के बाद श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर “जय जय केदारा” के जयघोष से गूंज उठा।

Share

Similar Posts