नेपाल में काठमांडू के रिंगरोड निर्माण के लिए चीन देगा 687 करोड़ रुपये का अनुदान

नेपाल में बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में सरकार गठन के बाद चीन के साथ पहला बड़ा समझौता हुआ है। इसके तहत चीन काठमांडू के रिंगरोड के विस्तार के लिए लगभग 1100 करोड़ नेपाली रुपये (करीब 687 करोड़ रुपये) का अनुदान देगा।

यह समझौता नेपाल के भौतिक अवसंरचना, परिवहन एवं शहरी विकास मंत्री सुनील लम्साल और चीन के राजदूत झेंग मोमिंग के बीच बुधवार को हुई बैठक के दौरान हस्ताक्षरित किया गया।

समझौते के अनुसार काठमांडू रिंगरोड के दूसरे चरण में कलंकी से वसुंधरा तक 8.2 किलोमीटर लंबी सड़क और पुलों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना राजधानी क्षेत्र में यातायात सुधार और शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इससे पहले वर्ष 2019 में शुरू किए गए पहले चरण में कोटेश्वर से कलंकी तक सड़क विस्तार का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, जिससे काठमांडू की ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला था।

समझौते के बाद मंत्री सुनील लम्साल ने कहा कि परियोजना के कार्यान्वयन के दौरान यदि कोई समस्या आती है तो उसे एक दिन के भीतर हल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि काम में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर-दक्षिण संपर्क सड़क निर्माण सरकार की प्राथमिकता में है और नेपाल के अवसंरचना विकास में चीन से और अधिक निवेश की अपेक्षा की जा रही है।

वहीं, चीन के राजदूत झेंग मोमिंग ने कहा कि यदि नेपाल में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाता है तो चीनी निवेशक वहां बड़े पैमाने पर निवेश करने के इच्छुक हैं।

Share

Similar Posts