नेपाली संसद की डिप्टी स्पीकर अपने घर में बेहोश पाई गईं, अस्पताल में भर्ती

नेपाल की संसद की डिप्टी स्पीकर रूबी ठाकुर अपने निवास में बेहोश पाई गई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ग्वारको स्थित किस्ट मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है और उपचार जारी है।
परिजनों के मुताबिक, उन्हें बीती रात से तेज बुखार था। सुबह शौचालय गईं, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने पर सुरक्षाकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला, जहां वे बेहोशी की हालत में थीं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उनका शुगर लेवल काफी कम पाया गया, जिसके कारण वे बेहोश हो गईं। उनकी स्थिति के सही कारणों का पता लगाने के लिए अन्य मेडिकल जांच भी की जा रही है।
डिप्टी स्पीकर की तबीयत को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चिंता जताई जा रही है।






