पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच दोपहर एक बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को मतदान जारी रहा। दोपहर एक बजे तक राज्य में कुल 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में तृणमूल कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, वामपंथी दलों और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखा जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, विभिन्न जिलों में मतदान प्रतिशत अलग-अलग रहा। हुगली में 64.57%, हावड़ा में 60.68%, कोलकाता उत्तर में 60.18% और कोलकाता दक्षिण में 57.73% मतदान दर्ज किया गया। वहीं नदिया में 61.41%, उत्तर 24 परगना में 59.20%, पूर्व बर्धमान में 66.80% और दक्षिण 24 परगना में 58.58% मतदान हुआ।
लिलुआ क्षेत्र के डॉन बॉस्को सोहनलाल विद्यालय में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान कुछ समय के लिए बाधित हो गया, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं में आक्रोश फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा बारासात, हाबरा, कल्याणी और शांतिपुर में भी तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ। कुछ स्थानों पर लंबी कतारों में मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा।
चापड़ा और भांगड़ क्षेत्रों में भी तनाव और झड़प की घटनाएं सामने आईं, हालांकि बाद में स्थिति शांत हो गई।
चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है।






