आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में पहुंचे नंबर-1 पर

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2026 मुकाबले में 16 गेंदों में 43 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस मैच में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
वैभव ने अपनी पारी में 3 चौके और 5 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह इस सीजन में 400 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 9 मैचों में 44.44 की औसत और 238.09 की स्ट्राइक रेट से 400 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
ऑरेंज कैप की दौड़ में उनके बाद अभिषेक शर्मा (380 रन), केएल राहुल (358 रन), विराट कोहली (351 रन) और हेनरिक क्लासेन (349 रन) शामिल हैं। वहीं प्रभसिमरन सिंह 346 रन के साथ छठे स्थान पर हैं।
पर्पल कैप की रेस में कड़ी टक्कर
जॉफ्रा आर्चर ने इस मैच में एक विकेट लेकर कुल 14 विकेट हासिल कर लिए और पर्पल कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उनके साथ भुवनेश्वर कुमार (टॉप), अंशुल कंबोज और ईशान मलिंगा भी 14-14 विकेट के साथ टक्कर में हैं। इसके बाद प्रिंस यादव और कागीसो रबाडा 13 विकेट के साथ बने हुए हैं।
मैच का हाल
महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस ने 62 रन की तेज पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन सिंह (59), श्रेयस अय्यर (30), कूपर कॉनली (30) और प्रियांश आर्य (29) ने योगदान दिया।
223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत आक्रामक रही। वैभव सूर्यवंशी (43) और यशस्वी जायसवाल (51) ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद डोनोवन फरेरा (नाबाद 52) और शुभम दुबे (नाबाद 31) ने शानदार साझेदारी कर टीम को 19.2 ओवर में जीत दिला दी।






