|

पीएम मोदी वाराणसी पहुंचे, एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत; 6332 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच गए। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उनके आगमन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर द्वारा बरेका पहुंचे, जहां भी उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

महिला सम्मेलन में करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री बरेका इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में करीब 50 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर संवाद होगा।

6332 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र को 6332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1054 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इसके साथ ही वे अमूल से जुड़े लाखों दुग्ध उत्पादकों को 105 करोड़ रुपये का बोनस ट्रांसफर करेंगे।

नई ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई—को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे विभिन्न राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा वाराणसी के विकास, महिला सशक्तिकरण और कनेक्टिविटी को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

Share

Similar Posts