पंजाब में AAP पर संकट गहराया, विधायकों की टूट की आशंका के बीच सिसोदिया ने बुलाई बैठक

पंजाब में आम आदमी पार्टी के लिए सियासी संकट गहराता नजर आ रहा है। सात राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद अब विधायकों में टूट की आशंका ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है।
इसी स्थिति को देखते हुए पार्टी प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 29 अप्रैल को जालंधर में सभी विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी शामिल होने के लिए कहा गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। इसमें सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद विधायकों के रुख और संभावित राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी।
इस बीच, राघव चड्ढा के करीबी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि पंजाब के 94 में से 60 से अधिक विधायक उनके संपर्क में हैं। अगर यह स्थिति सही साबित होती है, तो राज्य की मौजूदा सरकार के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।
संभावित संकट को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अपने विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की रणनीति तेज कर दी है। जालंधर में बुलाई गई यह बैठक पार्टी के लिए आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






