|

“पूर्व का स्वर्ग” देखने सिक्किम आएं: पीएम मोदी, 4000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्किम को “पूर्व का स्वर्ग” बताते हुए देशवासियों से यहां घूमने की अपील की। उन्होंने राजधानी गंगटोक में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन को विकास से जोड़ते हुए कहा कि केंद्र सरकार कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दे रही है।

पालजोर स्टेडियम में आयोजित सिक्किम राज्य स्थापना के 50वें वर्ष के समापन समारोह में प्रधानमंत्री ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को ‘अष्ट लक्ष्मी’ बताते हुए कहा कि “एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट” नीति के तहत इस क्षेत्र में तेज़ी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण पर्यटक सिक्किम आने से हिचकते थे, लेकिन अब यहां चार जिला अस्पताल और 22 आयुष्मान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता की सराहना करते हुए कहा कि यहां देश की 25 प्रतिशत से अधिक फ्लोरल विविधता पाई जाती है। साथ ही 500 से अधिक पक्षियों और 700 प्रकार की तितलियों की प्रजातियां यहां मौजूद हैं। कंचनजंगा पर्वत की पहाड़ियां राज्य की पहचान को और खास बनाती हैं।

प्रधानमंत्री ने पर्यटकों से अपील की कि वे सिक्किम आने पर स्थानीय उत्पादों को खरीदें और स्थानीय भोजन का आनंद लें। उन्होंने सुझाव दिया कि यात्रा बजट का कम से कम 5 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय वस्तुओं पर खर्च किया जाना चाहिए, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में खेल और वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के साथ-साथ 1,000 होमस्टे विकसित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी, पर्यावरण और पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। तीस्ता नदी पर नए पुल, आयुर्वेद अस्पताल, आईटी अवसंरचना और शहरी विकास परियोजनाएं राज्य के समग्र विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएंगी।

प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल सिक्किम में विकास परियोजनाओं को नई गति देने वाला है, बल्कि पूर्वोत्तर भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share

Similar Posts