|

सिक्किम दौरे का अंतिम दिन: पीएम मोदी 50वीं वर्षगांठ समापन समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सिक्किम दौरा आज अपने अंतिम चरण में है। वे राजधानी गंगटोक में राज्य स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में शामिल होंगे और 4000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री सबसे पहले स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे। यह वही पार्क है जिसका उद्घाटन उन्होंने पिछले वर्ष वर्चुअल माध्यम से किया था।

इसके बाद प्रधानमंत्री पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्थापना के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा सभा को संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री के इस दौरे की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब उन्होंने देवराली स्थित गंजू लामा द्वार से लोक भवन तक रोड शो किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया और उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।

गौरतलब है कि प्रतिकूल मौसम के कारण प्रधानमंत्री पिछले वर्ष सिक्किम नहीं पहुंच पाए थे और उन्होंने बागडोगरा हवाई अड्डा से ही वर्चुअल रूप में इस पार्क का उद्घाटन किया था। इस बार वे स्वयं कार्यक्रम में शामिल होकर राज्य के स्वर्ण जयंती वर्ष के समापन समारोह का हिस्सा बन रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए रवाना होंगे, जहां वे एक बड़े महिला सम्मेलन में भाग लेंगे और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

Share

Similar Posts