असम में ₹7 करोड़ की हेरोइन बरामद, चार महिला समेत पांच तस्कर गिरफ्तार

असम के कामरूप जिले के अमीनगांव में पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹7 करोड़ मूल्य की हेरोइन बरामद की है। इस मामले में चार महिलाओं समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अभियान के दौरान मणिपुर के चुराचांदपुर निवासी Demthang Haokip को अन्य चार महिला तस्करों के साथ पकड़ा गया। ये महिलाएं अमीनगांव में नशीले पदार्थ की डिलीवरी के लिए पहुंची थीं, जहां से इसे निचले असम के विभिन्न जिलों में भेजा जाना था।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हेरोइन से भरे 62 साबुनदानियां बरामद की गईं। बरामद हेरोइन का वजन (बिना पैकिंग) करीब 837 ग्राम पाया गया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹7 करोड़ आंकी गई है।
पुलिस ने जिन महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान लाम नेइकिम, होइनेइगाह, किम नेइथेन और नगाह पी के रूप में की गई है, जो सभी मणिपुर के चुराचांदपुर क्षेत्र की निवासी हैं।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।






