शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,000 के नीचे

कमजोर वैश्विक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के असर से घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट का रुख बना हुआ है। सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों प्रमुख सूचकांक शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
शुरुआती कारोबार में बाजार खुलते ही खरीदारी का हल्का सपोर्ट मिला, जिससे सेंसेक्स 77,710 अंक तक पहुंच गया और निफ्टी 50 24,206 अंक के स्तर तक उछला। हालांकि यह तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी और जल्द ही बाजार में बिकवाली हावी हो गई।
सुबह 10:15 बजे के करीब सेंसेक्स 702 अंक की गिरावट के साथ 76,961 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 193 अंक टूटकर 23,979 के स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में गिरावट के दौरान कुछ शेयरों में मजबूती भी देखी गई। कोल इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज ऑटो, नेस्ले और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
वहीं आईटी और फार्मा सेक्टर में दबाव देखने को मिला। एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स और टीसीएस के शेयरों में 2 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
मार्केट ब्रेड्थ भी कमजोर रही। कुल 2,762 शेयरों में से केवल 725 शेयर हरे निशान में रहे, जबकि 2,037 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ है, जिससे बाजार पर दबाव बना हुआ है।
इससे पहले गुरुवार को भी सेंसेक्स 852 अंक गिरकर 77,664 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 50 205 अंक टूटकर 24,173 के स्तर पर बंद हुआ था।






