| |

इंदौर ने फिर रचा इतिहास: पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में देशभर में प्रथम स्थान

मध्य प्रदेश का इंदौर शहर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परचम लहराते हुए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के सफल क्रियान्वयन में देशभर में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य शहरी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। प्रदेश में इस योजना का क्रियान्वयन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।

नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में अब तक कुल 33,332 हितग्राहियों को बैंकों के माध्यम से ऋण वितरित किया गया है, जिसके साथ इंदौर ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।

देशभर में टॉप-3 शहर
इस उपलब्धि में इंदौर के बाद दूसरे स्थान पर बेंगलूरू और तीसरे स्थान पर ग्रेटर मुंबई रहे हैं। बेंगलूरू में 25,829 और ग्रेटर मुंबई में 24,843 ऋण प्रकरणों का वितरण किया गया।

लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन
इंदौर को योजना के तहत 33,028 प्रकरणों का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 52,156 प्रकरण बैंकों को भेजे गए। इनमें से 34,809 प्रकरण स्वीकृत हुए और 33,332 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया गया।

योजना का उद्देश्य और विस्तार
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत जून 2020 में हुई थी, जिसका उद्देश्य बिना गारंटी के स्ट्रीट वेंडर्स को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पहले 10,000, 20,000 और 50,000 रुपये तक ऋण दिया जाता था, जिसे अब संशोधित कर 15,000, 25,000 और 50,000 रुपये कर दिया गया है। साथ ही दूसरी ट्रेंच पूरी करने पर 30,000 रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सुविधा भी दी जा रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धि
वित्तीय वर्ष 2025-26 में इंदौर ने 33,028 के लक्ष्य के मुकाबले 51,000 से अधिक प्रकरण बैंकों को भेजकर शत-प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की है।

समग्र उपलब्धि (2020 से अब तक)
योजना के तहत इंदौर में अब तक कुल 1,87,590 ऋण प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं और लगभग 322.08 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों को वितरित की गई है।

स्वच्छता में देश का सिरमौर बनने के बाद अब इंदौर आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में भी नई मिसाल कायम कर रहा है, जो अन्य शहरों के लिए प्रेरणा बन रहा है।

Share

Similar Posts