| |

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, जबलपुर में टूटा 3 साल का रिकॉर्ड; नौगांव सबसे गर्म

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं जबलपुर में 42.5 डिग्री दर्ज कर अप्रैल महीने का पिछले तीन वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया।

प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान छतरपुर जिले के नौगांव में 44.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है। इसके अलावा मंडला में 43.9 डिग्री, खजुराहो में 43.4 डिग्री और दतिया, उमरिया व सतना में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कई जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी किया है। निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला और छतरपुर में तापमान 44 डिग्री के पार जाने की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

रविवार को पूरे प्रदेश में तेज गर्मी का असर साफ देखने को मिला। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 42.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.4 डिग्री, भोपाल में 41.8 डिग्री, उज्जैन में 41.4 डिग्री और इंदौर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि, दक्षिणी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों—खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा—में गरज-चमक के साथ मौसम में हल्का बदलाव देखा गया। राजधानी भोपाल में भी दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन इससे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के कारण पिछले दिनों बादल बने रहे। हालांकि, सोमवार से मौसम साफ होने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है।

आगे के दिनों में भी प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। 23 अप्रैल को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश में सीमित रहने की उम्मीद है।

Share

Similar Posts