|

नेपाल: पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक जमानत पर रिहा

केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक को पुलिस ने जमानत पर रिहा कर दिया है। यह कार्रवाई काठमांडू में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद की गई।

काठमांडू पुलिस के एसएसपी रमेश थापा के अनुसार, दोनों नेताओं को उनकी पत्नियों—ओली को राधिका शाक्य और लेखक को यशोदा लेखक के जिम्मे सौंपा गया है।

अदालत ने ओली की खराब स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दोनों नेताओं को 28 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।

सुनवाई के दौरान न्यायाधीश विनोद शर्मा और सुनिलकुमार पोखरेल की पीठ ने हिरासत को कानून के अनुरूप बताया, लेकिन तय समयसीमा के भीतर जांच पूरी कर आगे की कार्रवाई तय करने का निर्देश दिया।

अदालत ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित समय में जांच पूरी नहीं होती है, तो कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपियों को रिहा कर आगे की जांच जारी रखी जा सकती है।

यह मामला 8 सितंबर 2025 की गोलीबारी से जुड़ा है, जिसमें लोगों की मौत हुई थी। जांच आयोग की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि तत्कालीन सरकार ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए।

बालेंद्र शाह के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने गौरीबहादुर कार्की आयोग की रिपोर्ट लागू करने का निर्णय लिया था, जिसके आधार पर दोनों नेताओं की गिरफ्तारी हुई थी।

दोनों के खिलाफ मुलुकी फौजदारी संहिता की धारा 181 और 182 के तहत कार्रवाई की सिफारिश की गई थी, जिसके तहत लापरवाही से मृत्यु होने पर 3 से 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।

फिलहाल, अदालत के आदेश के बाद दोनों नेताओं को राहत मिली है, लेकिन मामले की जांच अभी जारी रहेगी।

Share

Similar Posts