दिल्ली एयरपोर्ट पर CISF का एंटी-हाइजैकिंग अभ्यास, कई एजेंसियों ने लिया हिस्सा

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने राजधानी नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGI) पर वार्षिक एंटी-हाइजैकिंग अभ्यास आयोजित किया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी को परखना था।
इस अभ्यास का नेतृत्व डीआईजी बाबू राम ने किया, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। ड्रिल के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और प्रतिक्रिया समय की जांच की गई।
इस अभ्यास में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड, दिल्ली पुलिस, इंटेलिजेंस ब्यूरो, बीसीएएस, डीजीसीए और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड सहित कई एजेंसियों ने हिस्सा लिया।
इसके अलावा एयरपोर्ट फायर टीम, मेडिकल स्टाफ और विभिन्न एयरलाइंस भी इस मॉक ड्रिल में शामिल हुईं। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की क्विक रिएक्शन टीम, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
इस तरह के अभ्यास से यह सुनिश्चित किया जाता है कि किसी भी आपात स्थिति में सभी एजेंसियां तेजी से और समन्वय के साथ प्रतिक्रिया दे सकें। साथ ही, इससे सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता और खामियों की पहचान कर उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलता है।






