नेपाल: पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक की रिहाई की तैयारी

केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक की रिहाई की तैयारी तेज हो गई है। काठमांडू स्थित जिला सरकारी वकील कार्यालय से इस संबंध में पत्र पुलिस को प्राप्त हो गया है।
काठमांडू के पुलिस प्रमुख रमेश थापा के अनुसार, जमानत देने वाले व्यक्ति को बुलाकर दोनों नेताओं को रिहा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
दोनों नेताओं को 28 मार्च को जेन-जी आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की जांच के आधार पर हत्या से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिल पाए, जिसके चलते अब उन्हें रिहा करने का निर्णय लिया गया है।
इस मामले में नेपाल सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि या तो आरोपों के आधार पर मुकदमा दायर किया जाए या फिर 9 अप्रैल तक दोनों को रिहा किया जाए।
पुलिस और महान्यायाधिवक्ता कार्यालय के बीच सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया कि मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। इसके बाद रिहाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि रमेश लेखक फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं, जबकि केपी शर्मा ओली स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उनकी पथरी की सर्जरी की सलाह दी है।
इस घटनाक्रम से नेपाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसके व्यापक राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।






