भारी बारिश-ओलावृष्टि से फसल नुकसान पर केंद्र सतर्क, शिवराज सिंह चौहान करेंगे प्रभावित राज्यों के कृषि मंत्रियों से बैठक

देश के कई राज्यों में हाल ही में हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को तत्काल समीक्षा करने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
कृषि मंत्रालय के अनुसार, मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित राज्यों के अधिकारियों से संपर्क कर फसल नुकसान का सही आंकलन करने को कहा है, ताकि समय पर किसानों को राहत और मुआवजा प्रदान किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही, मंत्री ने बताया कि प्रभावित राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ आज बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में फसल क्षति का विस्तृत आकलन किया जाएगा और राहत एवं मुआवजे के उपायों पर निर्णय लिया जाएगा।
यह कदम किसानों की सुरक्षा और कृषि नुकसान को कम करने के लिए सरकार की सक्रियता को दर्शाता है।






