|

नासिक हादसा अपडेट: कुएं के मालिक पर केस दर्ज, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख मुआवजा

महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने कुएं के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जबकि राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इस हादसे के बाद राज्य के मंत्री गिरीश महाजन और नरहरि झिरवल ने घटनास्थल का दौरा किया। मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुआवजे का ऐलान किया है और जांच के आदेश दिए हैं।

सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि इस खतरनाक कुएं को तुरंत बंद किया जाए। साथ ही, सड़क किनारे स्थित सभी कुओं का सर्वे कराने का निर्णय भी लिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

मंत्री नरहरि झिरवल ने इसे डिंडोरी के लिए “काला दिन” बताते हुए कहा कि एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत बेहद गंभीर घटना है। उन्होंने सवाल उठाया कि कुएं के आसपास उचित सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कुएं के मालिक के रिश्तेदार एडवोकेट विक्रम राजे ने बताया कि यह कुआं वर्ष 1972 से अस्तित्व में है और पहले इसमें सुरक्षा के इंतजाम थे, लेकिन किसी ने उन्हें हटा दिया था।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात एक परिवार के नौ लोग कार्यक्रम से लौटते समय कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे कुएं में गिर गई थी। इस हादसे में सभी नौ लोगों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

Share

Similar Posts