केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमला, सुरक्षा गार्ड घायल; बोले- कार्यक्रम जारी रहेगा

शशि थरूर के काफिले पर केरल के मलप्पुरम जिले में हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस दौरान उनके सुरक्षा गार्ड पर भी हमला किया गया, हालांकि थरूर ने खुद को सुरक्षित बताया है और कहा है कि उनका कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।
थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि हमले में घायल सुरक्षा कर्मी अब ठीक है और उन्होंने बिना किसी डर के अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे किए।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मलप्पुरम जिले के वंडूर के थिरुवाली इलाके में चेल्लीथोडे ब्रिज के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। उस समय थरूर कांग्रेस नेता ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
घटना के दौरान कुछ लोगों ने काफिले को रोक दिया और मौके पर नारेबाजी भी की गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थरूर अपनी गाड़ी में बैठे नजर आ रहे हैं और आसपास भीड़ जमा है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। थरूर के गनमैन की शिकायत के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और घटना में इस्तेमाल दो वाहनों को जब्त किया गया है।
गौरतलब है कि केरल में 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। राज्य में करीब 2.70 करोड़ मतदाता हैं। इस चुनाव में पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है।
राज्य की राजनीति में एलडीएफ और कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ के बीच सीधी टक्कर रहती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी भी लगातार अपने जनाधार को बढ़ाने की कोशिश कर रही है।






